जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट चौक के पास एटीएम कार्ड बदलकर 76 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर गोलमुरी थाने में अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है. (नीचे भी पढे़ं)
घटना के भुक्तभोगी जयशंकर कुमार हैं, जो बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित रामाकृष्णा अपार्टमेंट के निवासी बताए जाते हैं. जानकारी के अनुसार, यह घटना 22 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे से साढ़े 8 बजे के बीच की है. जयशंकर कुमार टिनप्लेट चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद मशीन से रुपये नहीं निकल पा रहे थे. इसी दौरान एटीएम के पास खड़े एक युवक ने खुद को मददगार बताते हुए जयशंकर से बातचीत शुरू की. युवक ने तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए उनका एटीएम कार्ड और पिन नंबर पूछ लिया. (नीचे भी पढे़ं)
भरोसा कर जयशंकर ने पिन नंबर बता दिया. इसके बाद युवक ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और किसी अन्य कार्ड को उनका बताकर थमा दिया. घटना के कुछ ही देर बाद जयशंकर कुमार के मोबाइल फोन पर 76 हजार रुपये की निकासी का मैसेज आया, जिससे वे सकते में आ गए. तुरंत उन्होंने अपने बैंक जाकर मामले की जानकारी दी और खाते को सुरक्षित कराने की प्रक्रिया पूरी की. बैंक से आवश्यक जानकारी लेने के बाद वे गोलमुरी थाना पहुंचे और अज्ञात ठग के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. (नीचे भी पढे़ं)
पुलिस का कहना है कि एचडीएफसी एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम से रुपये निकालते समय किसी अजनबी की मदद न लें और अपना पिन नंबर किसी को भी न बताएं, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके.




