जमशेदपुर : सस्टेनेबल स्टील मेकिंग को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, टाटा स्टील ने गुरुवार को सिंटरिंग, पेलेटाइजिंग एवं ब्रिकेटिंग पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (आइसीएसपीबी) 2026 का उद्घाटन किया. भारतीय धातु संस्थान (आइआइएम) जमशेदपुर चैप्टर और पेलेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीएमएआइ) के सहयोग से आयोजित यह प्रतिष्ठित दो दिवसीय सम्मेलन वैश्विक विचारकों, उद्योग विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाता है, जहां आयरन ओर की तैयारी के भविष्य पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा. उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि टाटा स्टील जमशेदपुर ऑपरेशंस के वाइस प्रेसिडेंट चैतन्य भानु, ने सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़े)

श्री भानु के साथ टाटा स्टील के चीफ एग्लोमेरेट्स एंड आयरन सुरजीत सिन्हा, पीएमएआइ के प्रेसिडेंट पुनीत आर्या तथा आइआइएम के सेक्रेटरी जेनरल ब्रिगेडियर अरुण गांगुली ने दीप प्रज्वलन कर समारोह की शुरुआत की. समारोह के पश्चात श्री भानु ने सम्मेलन स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया, जिसमें नवीन तकनीकों और समाधानों का प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम का समापन टाटा स्टील के आइसीएसपीबी के संयोजक विपुल कोराने द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसने आगामी चर्चाओं और सहयोग के लिए एक सकारात्मक माहौल तैयार किया. आइसीएसपीबी 2026 आयरन ओर तैयारी के महत्वपूर्ण क्षेत्र में नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक निर्णायक मंच के रूप में उभर रहा है, जो कुशल ब्लास्ट फर्नेस बेसिक ऑक्सीजन फर्नेस इस्पात निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है. यह हाइब्रिड सम्मेलन उभरते रुझानों और अत्याधुनिक तकनीकों पर विशेष प्रकाश डालेगा, जिसमें डीकार्बोनाइजेशन, परिचालन अनुकूलन और लागत में कमी पर मजबूत जोर दिया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)

ये सभी पहलू उस समय अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, जब वैश्विक इस्पात उद्योग तेजी से सतत प्रथाओं की ओर अग्रसर है. इसमें एग्लोमेरेशन तकनीकों में प्रगति, उत्सर्जन में कमी के लिए सतत समाधान, ब्लास्ट फर्नेस और डायरेक्ट रिड्यूस्ड आयरन पिलेट उत्पादन से जुड़ी चुनौतियों का समाधान, अपशिष्ट उपयोग और ग्रीन स्टील उत्पादन के लिए ब्रिकेटिंग में नए आयामों की खोज पर चर्चा की गयी. सम्मेलन में प्रतिष्ठित विशेषज्ञों के आमंत्रित व्याख्यान, रोचक तकनीकी सत्र और केंद्रित थीम आधारित ट्रैक शामिल हैं. प्रतिभागियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण प्लांट डेटा के साथ बेंचमार्किंग सत्र और एक विशेष प्लांट विज़िट होगी, जो अत्याधुनिक प्रोसेसिंग तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर प्रदान करेगी. सम्मेलन में विश्व की अग्रणी संस्थाओं और संगठनों से जुड़े विविध प्रतिभागियों की गरिमामयी भागीदारी रही, जिनमें टाटा स्टील, लुलेओ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, रियो टिंटो, स्विनबर्न यूनिवर्सिटी, आर्डेंट स्टील, इनोवेटिव एआइ, एसएनएफ इंडिया, ऑलविन केम इंडस्ट्रीज, एसएमएस इंडिया प्रा. लि., एफएल स्मिथ प्राइवेट लिमिटेड, मेटल 7, ऑरोग्लोबल कॉमट्रेड प्रा. लि., फोस्बेल इंडिया, आशापुरा, रुंगटा माइंस, जेएसडब्ल्यू बेल्लारी, ईरिच, फाइव्स कंबशन सिस्टम्स प्रा. लि., आरडीसीआइएस रांची, अभिटेक एनर्जीकोन लिमिटेड, इपीसीएम इंडिया, एएमएनएस, इवोनिथ स्टील, जेएसडब्ल्यू बीपीएसएल, जेसी स्टील, एनएमएल जमशेदपुर, डेरिक कॉर्प, वियर, ग्रीन सस्टेनेबल सॉल्यूशन, क्यूइडी एनालिटिक्स, न्यूफर, जिंदल स्टेनलेस, आर्डेंट स्टील लिमिटेड तथा आथा एंड अमलगम स्टील शामिल है.




