चाकुलिया : नगर निकाय चुनाव की डुगडुगी बज गयी है. अधिसूचना जारी होने के बाद गुरुवार से चुनाव को लेकर नामांकन पत्र की खरीदी शुरू हो गयी है. चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में भी आगामी 23 फरवरी को मतदान होगा. 29 जनवरी से 4 फरवरी तक नामांकन, 5 फरवरी को स्कूटनी, 6 फरवरी को नामांकन वापसी तथा 7 फरवरी को प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाना है. चाकुलिया में चुनाव को लेकर अंचल सह प्रखंड कार्यालय पर हलचल बढ़ गयी है. चाकुलिया नगर पंचायत में एक अध्यक्ष एवं 12 वार्ड पार्षद का चुनाव जनता करेगी. नगर पंचायत क्षेत्र में 12 वार्ड हैं, जिनमें कुल मतदाताओं की संख्या 12587 है. अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद का निर्वाचन प्रत्यक्ष तरीके से जनता द्वारा किया जाएगा. जबकि उपाध्यक्ष का चुनाव चुने गए वार्ड पार्षद करेंगे. वार्ड पार्षदों में से ही कोई एक उपाध्यक्ष बनेगा. (नीचे भी पढे़ं)
वर्ष 2013 में हुए नगर निकाय चुनाव में ऐसी ही व्यवस्था लागू थी. वार्ड पार्षद भरत झुनझुनवाला को बाकी वार्ड पार्षदों में मिलकर उपाध्यक्ष चुना था. जबकि 2018 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुमित लोधा को जनता द्वारा प्रत्यक्ष मतदान के जरिए उपाध्यक्ष चुना गया था. भाजपा की ही एसटी महिला प्रत्याशी संध्या रानी सरदार को नगर पंचायत का अध्यक्ष चुना गया था. हालांकि इस बार चुनाव राजनीतिक दलों के बैनर तले नहीं होगा. बावजूद, पर्दे के पीछे राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. इसलिए राजनीतिक हलचल भी बढ़ जाएगी. (नीचे भी पढे़ं)
चाकुलिया के विभिन्न वार्डों में मतदाताओं की संख्या:
वार्ड संख्या पुरुष महिला कुल
1- 562 587 1149
2 – 424 467 891
- 659 665 1324
- 539 553 1092
- 444 473 917
- 391 446 837
- 476 411 887
8. 464 492 956
9. 765 818 1583
10. 558 568 1126
11. 532 526 1058
12. 380 387 767



