रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन झारखंड विधान सभा में आयोजित षष्ठ्म विधान सभा के पंचम (बजट) सत्र-2026 में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) परियोजना के तहत प्रशिक्षण एवं टैबलेट वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने झारखंड विधान सभा में एनईवीए (नेवा) सेवा केंद्र का विधिवत् उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड विधान सभा में नेवा सेवा केंद्र के रूप में एक नया अध्याय जुड़ रहा है. आज नेवा सेवा केंद्र का यहां विधिवत उद्घाटन हुआ है. राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन के माध्यम से कई चीजें आसान होगी. इस एप्लीकेशन के माध्यम से विधान सभा के सदस्यगण विधायी कार्यों को सरलता और समयबद्ध तरीके से संपन्न कर सकेंगे. सदस्यगणों को अब विधान सभा सत्र के दौरान देर रात में यहां पहुंचकर प्रश्नों को डालने सहित अन्य कागजी प्रक्रियाओं के लिए आने की जरूरत नहीं पड़ेगी. (नीचे भी पढ़े)

साथ ही साथ विधान सभा कर्मियों को भी ड्यूटी में सहूलियत होगी. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि देश में लगभग 20 राज्यों के विधान सभा में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के माध्यम से डिजिटल एवं पेपरलेस तरीके से विधायी कार्यों को सम्पन्न करने की शुरुआत हो चुकी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि आज झारखंड विधान सभा में विधानसभा सदस्यों को इस एप्लीकेशन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी से अवगत कराया जा रहा है तथा उन्हें टैबलेट भी प्रदान किया जा रहा ताकि कार्यों का संपादन डिजिटल रूप से सरलता पूर्वक किया जा सके. आगामी विधान सभा सत्र में भी इस एप्लीकेशन के माध्यम से कई कार्य संपन्न होंगे. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन के माध्यम से लोग बैंकिंग सहित कई ऑफिशियल कार्य भी आसानी से संपन्न करते हैं. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष हो चुके हैं, धीरे-धीरे ही सही पर झारखंड अब बेहतर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है. विधानसभा अध्यक्ष के प्रयास से विधान सभा में सभी कार्य डिजिटल यानी कि पेपरलेस की ओर अग्रसर हो रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब डिजिटल माध्यम से बेहतर कम्युनिकेशन बनेगा जिससे विधायकों को काफी सुविधा होगी. (नीचे भी पढ़े)
पहले समन्वय के अभाव से कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन के उपयोग से अब कागजों के बंडलों की ढ़ेर में भी कमी आएगी तथा कार्यों में रफ्तार भी देखने को मिलेगा. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि किसी भी डिजिटल एप्लीकेशन का उपयोग करने से पहले कुछ चुनौतियां भी रहती हैं उन चुनौतियों के संदर्भ में आज यहां सदस्यों के लिए प्रशिक्षण सत्र भी रखा गया है. वर्तमान समय में साइबर अपराध एक चुनौती है. विधायकों के किसी भी प्रश्नों में कोई हेर-फेर न हो, कागजी प्रक्रिया में कोई बाधा न हो इस निमित्त नेवा सिक्योरिटी से संबंधित सारी जानकारी से अवगत रहने की जरूरत है ताकि इन सब चीजों से बचा जा सके. मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के द्वारा सभी मंत्रीगण एवं विधायकगणों को टैबलेट प्रदान किया गया. इस अवसर पर अध्यक्ष झारखंड विधानसभा रबीन्द्र नाथ महतो, सभी माननीय मंत्रीगण, माननीय विधायकगण सहित अधिकारीगण एवं विधानसभा कर्मीगण उपस्थित रहे.








