रामगोपाल जेना/चाईबासा : स्लम सॉकर अंतर्गत होमलेस फुटबॉल वर्ल्ड कप के लिए घोषित भारतीय टीम में चाईबासा के उदीयमान खिलाड़ी चयनित हुए हैं. इनमें पुरुष टीम में तांतनगर के कांडेहातु निवासी रमेश करुआ, हिंदुडीह निवासी ललित प्रिय बेंकुरा और सदर प्रखंड के बरकुंडिया निवासी सूरज बिरुली शामिल हैं. वहीं महिला टीम में तांतनगर के खेड़ियाटांगर निवासी बनफूल तुबिद, टियापोसी निवासी पुनामी बागे और खूंटपानी के पुरनिया निवासी मोनिका पुर्ती चयनित हुई हैं. इन खिलाड़ियों का चयन गोवा में आयोजित नेशनल इन्क्लूजन फुटबॉल कप चैंपियनशिप में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
झारखंड टीम के को-ऑर्डिनेटर चांबरा सुंडी ने बताया कि ये खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्तरी अमेरिका के मैक्सिको में खेली जाने वाली होमलेस फुटबॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में भाग लेंगे. इससे पूर्व स्लम सॉकर का मुख्यालय नागपुर में भारतीय टीम के हर खिलाड़ी के बीच तालमेल बिठाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा. श्री चांबरा ने बताया कि इन खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा निखारने में एकजुट संस्था हमेशा तत्पर है और उम्मीद है कि हमारे प्रतिभावान खिलाड़ी उत्तरी अमेरिका की धरती पर फुटबॉल का जादू अवश्य बिखेरेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयनित होने पर जिले के खेल प्रेमियों कृष्णा देवगम, विकास दोदराजका, वीर सिंह बुड़ीउली, जगन्नाथ हेस्सा, महर्षि महेंद्र सिंकू, सुरेंद्र पुरती, श्याम कुदादा, साधु बानरा, फादर रंजीत किंड़ो, रेयांस सामड आदि ने हर्ष व्यक्त किया है.













