गालूडीह : घाटशिला प्रखंड के जगन्नाथपुर स्टेडियम में शनिवार को आदिवासी ब्वॉयज क्लब (एबीसी) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला गया. जमशेदपुर की ग्लोरी एंड ग्लोरी एवं पोटका की किंगफिशर टीमों के बीच खेले गए फाइनल मैच में जमशेदपुर की ग्लोरी एंड ग्लोरी टीम ने पोटका की किंगफिशर को 2-1 से पराजित कर चैंपियन का खिताप जीता. फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन शामिल हुए. विधायक ने कहा कि फुटबॉल दुनिया का सबसे रोमांचक खेल है. खेल में मेहनत और लगन हो तो खिलाड़ियों को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता. खिलाड़ियों में आगे बढ़ने की ललक होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान फुटबॉल खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का लगातार प्रयास कर रही है. सरकार खेल नीति बनाकर खिलाड़ियों को नौकरी दे रही है. बेहतर खेलें और नौकरी पायें. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को 1 लाख 70 हजार रुपये नगद व ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 1 लाख 20 हजार रुपये नगद व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. साथ ही तीसरे और चौथे स्थान पर रही टीमों को 70-70 हजार रुपये और पांचवें और छठे स्थान रही टीमों को 15-15 हजार रुपये नगद राशि प्रदान की गई. पुरुषों के साथ ही क्षेत्र की महिलाओं में भी फाइनल मैच देखने का क्रेज दिखा. स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा. इस मौके पर कई तरह के पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ. महिलाओं, बच्चों और युवाओं के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. मौके पर कालीपद गोराई, जगदीश भकत, सुनाराम सोरेन, लक्ष्मी रानी माझी, गोविंद मार्डी, जुगल हांसदा, पतित हांसदा, पद सोरेन, करण चंद्र मार्डी, हेमचंद्र हांसदा, बहादुर सोरेन, बिमल मार्डी, सुशील मार्डी, बबलू हुसैन, रतन महतो, दुलाराम टुडू, बादल किस्कू, सुजय सिंह, अंकुर कावड़ी, कौशिक कुमार, बाबूलाल मुर्मू आदि उपस्थित रहे.



