बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत जयपुरा स्थित ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल परिसर में रविवार को जनसेवा और चिकित्सा समर्पण का एक अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला. महाजनी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सिटी नर्सिंग होम के लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ चंदन सिंह के नेतृत्व में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं ऑपरेशन शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला. शिविर के दौरान डॉ. चंदन सिंह सहित अन्य अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने करीब 300 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की. जांच के क्रम में हाइड्रोसिल, गॉल ब्लैडर स्टोन, हर्निया और ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रसित 15 मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन हेतु चयनित किया गया. (नीचे भी पढ़े)

जांच से इलाज तक सब कुछ निःशुल्क शिविर में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श ईसीजी जांच रक्त जांच आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली. कार्यक्रम का उद्घाटन खेरूवा पंचायत के मुखिया सुलेखा सिंह एवं पूर्णापानी पंचायत की मुखिया पानसोरी हांसदा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला. अत्याधुनिक तकनीक से होगा ऑपरेशन अवसर पर सिटी नर्सिंग होम के लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. चंदन सिंह ने कहा कि शिविर में चयनित मरीजों का ऑपरेशन अत्याधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक से सिटी नर्सिंग होम, बहरागोड़ा में किया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि इस तकनीक से मरीजों को कम दर्द कम समय में रिकवरी, जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटने का लाभ मिलता है. डॉ. चंदन सिंह ने कहा की आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में कई गरीब परिवार ऐसे हैं, जो गंभीर बीमारी के बावजूद आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पाते. ऐसे जरूरतमंद लोगों की सेवा करना ही मेरा एकमात्र उद्देश्य है. सेवा ही मेरा धर्म है. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर बहरागोड़ा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने मांग की कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए. शिविर में मुखिया सुलेखा सिंह, कांचन महापात्र, श्यामल माईती,पानमणि हांसदा, ज्योत्सनामई बेरा, मोहन मुर्मू, जगदीश साव,आशीष महापात्र, अनिमेष साहू, सुनील सिंह, लालमोहन मुर्मू,संजय पाल, विश्वजीत सेनापति, बिपल्ब महापात्र, सचिन पाल, शांतनु पाल, विजय महापात्र, मुन्नू अंसारी, समीर दंडपाट सहित अन्य लोग उपस्थित थे.














