बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत जयपुरा ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल परिसर में रविवार को महाजनी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सिटी नर्सिंग होम के लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ चंदन सिंह के नेतृत्व में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया. शिविर के दौरान डॉ चंदन सिंह के साथ अन्य अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने करीब 300 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की. जांच के क्रम में हाइड्रोसील, गॉल ब्लैडर स्टोन, हर्निया और ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रसित 15 मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन हेतु चयनित किया गया. शिविर में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सीय परामर्श, ईसीजी जांच, रक्त जांच, आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का उद्घाटन खेरुआ पंचायत के मुखिया सुलेखा सिंह एवं पूरनापानी पंचायत की मुखिया पानसोरी हांसदा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला. इस अवसर पर सिटी नर्सिंग होम के लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ चंदन सिंह ने कहा कि शिविर में चयनित मरीजों का ऑपरेशन अत्याधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक से सिटी नर्सिंग होम, बहरागोड़ा में किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस तकनीक से मरीजों को कम दर्द एवं कम समय में रिकवरी होती है और मरीज जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट जाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ चंदन सिंह ने कहा कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में कई गरीब परिवार ऐसे हैं, जो गंभीर बीमारी के बावजूद आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पाते. ऐसे जरूरतमंद लोगों की सेवा करना ही उनका उद्देश्य है. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर बहरागोड़ा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने मांग की कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिएं. (नीचे भी पढ़ें)
शिविर में मुखिया सुलेखा सिंह, कंचन महापात्र, श्यामल मैती, पानमुनी हांसदा, ज्योत्स्नामाई बेरा, मोहन मुर्मू, जगदीश साव, आशीष महापात्र, अनिमेष साहू, सुनील सिंह, लालमोहन मुर्मू, संजय पाल, विश्वजीत सेनापति, बिप्लव महापात्र, सचिन पाल, शांतनु पाल, विजय महापात्र, मुन्नू अंसारी, समीर दंडपाट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.














