काठमांडू: नेपाल में सोमवार तड़के एक बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ. पोखरा से काठमांडू जा रही एक बस धादिंग जिले में त्रिशूली नदी में जा गिरी. इसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. हाईवे रेस्क्यू मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार थाकुरी ने कहा कि हादसे में 25 घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. (नीचे भी पढ़े)
बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे. जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब 1:15 बजे बेनीघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड संख्या 3 में चिनाधारा, चारौंदी के पास हुआ. बस का नंबर जीए 1 केएचए 1421 है. यह बेनीघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-5 के भैंसीगौड़ा इलाके में पृथ्वी हाईवे से फिसलकर त्रिशूली नदी में जा गिरी. नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स के प्रवक्ता बिष्णु प्रसाद भट्टा ने बताया कि सभी सुरक्षा एजेंसियों के बड़ी संख्या में जवान मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान जारी है. बचाव अभियान में नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोग जुटे हुए हैं. (नीचे भी पढ़े)
अधिकारियों का कहना है कि नदी में पानी का तेज बहाव और रात का समय होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, हालांकि अभियान लगातार जारी है. नेपाल जैसे पहाड़ी देश में सड़क दुर्घटनाएं आम हैं. इसकी प्रमुख वजहें कमजोर बुनियादी ढांचा, पुराने वाहन और दुर्गम व खतरनाक भौगोलिक परिस्थितियां मानी जाती हैं. बचावकर्मी मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि घायलों को इलाज के लिए नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है.














