सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र के गांगुडीह गांव के पुरानपानी टोला से सटे जंगल में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुबह कुछ लोग रोज़मर्रा के काम से जंगल की ओर गए थे. इसी दौरान सुरु नाला के किनारे आम के पेड़ से लटका शव दिखाई दिया. दृश्य देखते ही ग्रामीणों ने तुरंत खरसावां पुलिस को सूचना दी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना पर थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी. प्राथमिक अनुमान के मुताबिक मृतक की उम्र 30 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया. थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही हाल के गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है.











