जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है. क्रॉस रोड नंबर 29 (केएल-फोर 2/5) निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह के 20 वर्षीय पुत्र आर्यन राज की इलाज के दौरान मौत हो गई. वह एक मैनेजमेंट स्कूल में प्रथम वर्ष का छात्र था. परिजनों के अनुसार, आर्यन ने 25 फरवरी की देर रात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था. तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के समय घर में केवल आर्यन और उसके पिता मौजूद थे, जबकि उसकी मां बेंगलुरु में अपनी बेटी के पास गई हुई थीं. (नीचे भी पढ़ें)
टेल्को थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि छात्र के कमरे से सल्फास की गोलियां बरामद की गई हैं. पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला रहस्यमय बना हुआ है. आर्यन ने अपनी स्कूली शिक्षा टेल्को चिन्मया विद्यालय से पूरी की थी. प्रारंभिक स्तर पर पढ़ाई के तनाव को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. मृतक के पिता, जो टाटा मोटर्स के पूर्व कर्मचारी हैं, घटना से गहरे सदमे में हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.



