जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी अंतर्गत मलिक गार्डन के पास इम्तियाज़ अंसारी के कपड़ा गोडाउन में सोमवार तड़के करीब 3 बजे अचानक आग लग गयी. गोडाउन मालिक इम्तियाज़ अंसारी ने बताया कि उनकी दुकान का नाम हेदायत इंटरनेशनल क्लॉथ है और उनका मकान गोडाउन के ठीक बगल में स्थित है. उन्होंने बताया कि सेहरी के लिए जब वे उठे, तभी गोडाउन से आग की लपटें उठती दिखीं. आनन-फानन में उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद बस्ती के लोगों ने मिलकर पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया. इस घटना में गोडाउन में रखा पूरा कपड़ा जलकर राख हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
अनुमान के मुताबिक आग से लगभग 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. घटना की जानकारी कपाली ओपी पुलिस को दे दी गयी है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. फिलहाल राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है. पुलिस जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.







