जमशेदपुर : जमशेदपुर में इस वर्ष 187 वां संस्थापक दिवस खास अंदाज में मनाया जा रहा है. इस अवसर पर शहर के युवा कलाकार विवेक मिश्रा ने 18 फीट ऊंची भव्य पोर्ट्रेट बनाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. यह पोर्ट्रेट उद्योग जगत के दिग्गज रतन टाटा को समर्पित है और इसे तैयार करने में लगभग 1 लाख स्पंज के फूलों का उपयोग किया गया है. इतनी विशाल और बारीक कलाकृति को देखकर हर कोई हैरान है. पोर्ट्रेट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें रतन टाटा के चेहरे के भावों को बेहद जीवंत तरीके से उकेरा गया है. विवेक मिश्रा ने बताया कि इस कृति को तैयार करने में कई दिनों की लगातार मेहनत लगी. हर फूल को सावधानीपूर्वक लगाया गया ताकि रंगों का संतुलन और चेहरे की गहराई सही तरीके से उभर सके. विवेक के अनुसार, रतन टाटा उनके लिए केवल एक उद्योगपति नहीं, बल्कि प्रेरणा के प्रतीक हैं. उन्होंने जिस तरह टाटा समूह और जमशेदपुर को नई पहचान दी, उसी सम्मान और कृतज्ञता को व्यक्त करने के लिए यह अनोखी श्रद्धांजलि दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
संस्थापक दिवस के मौके पर इस पोर्ट्रेट को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस कलाकृति के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी यह पोर्ट्रेट तेजी से वायरल हो रही है और लोग कलाकार की रचनात्मकता की जमकर सराहना कर रहे हैं. जमशेदपुर, जिसे स्टील सिटी के नाम से जाना जाता है, ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यह शहर कला और प्रतिभा में भी अग्रणी है. विवेक मिश्रा की यह कृति न केवल संस्थापक दिवस 2026 को यादगार बना रही है, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश भी दे रही है.







