जमशेदपुर : झारखंड आंगनबाड़ी कर्मचारी एसोसिएशन के बैनर तले आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय पर धरना दिया है. उन्होंने 8 सूत्री मांग को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है. मांग पत्र के माध्यम से सेविका और सहायिकाओं ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक उन पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. उन्होंने सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने और उससे जुड़े सभी वैधानिक लाभ प्रदान करने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा रिटायरमेंट के समय कम से कम 5 लाख रुपये एकमुश्त भुगतान, रिटायर सेविकाओं को मानदेय का 50 प्रतिशत पेंशन, आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की भी मांग की गई है. संगठन ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने और स्थानीय बाजार दर के अनुसार पोषाहार राशि का भुगतान करने की मांग उठाई. साथ ही सेविकाओं ने हर महीने 400 रुपये मोबाइल रिचार्ज देने और एफआरएस की तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में बेहतर नेटवर्क व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी मांग की है. उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की है. संगठन ने कहा कि अगर मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलन तेज किया जाएगा.


















