रामगोपाल जेना, मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक स्कूली बच्ची के अपहरण की कोशिश की गई. हालांकि बच्ची ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए चलती मोटरसाइकिल से कूदकर अपनी जान बचा ली.जानकारी के अनुसार पानीटंकी निवासी 9 वर्षीय लक्ष्मी धनवार मंगलवार शाम मनोहरपुर बाजार से दुकान के लिए सामान खरीदने गई थी. इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उसे घर छोड़ने के बहाने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया.(नीचे भी पढ़े)

बताया जाता है कि युवक बच्ची के घर के पास से आगे निकल गया. बच्ची ने कई बार मोटरसाइकिल रोकने को कहा, लेकिन जब युवक ने बाइक नहीं रोकी तो लक्ष्मी ने हिम्मत दिखाते हुए चलती मोटरसाइकिल से छलांग लगा दी. गिरने से बच्ची घायल हो गई. इसके बाद सामने से आ रहे राहगीरों से मदद मांगकर वह किसी तरह अपने घर पहुंची. घटना के बाद बच्ची की मां उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया.मामले को लेकर मनोहरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज की गई है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.


















