सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पातकुम पुलिया के पास करकड़ी नदी किनारे झाड़ियों में एक बोरे में बंद अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. (नीचे भी पढ़ें)
प्राप्त जानकारी के अनुसार पातकुम पुलिया के समीप करकड़ी नदी के किनारे झाड़ियों में सादा रंग का एक बोरा पड़ा हुआ था. आसपास से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर जब उस बोरे पर पड़ी तो उन्हें शक हुआ. संदेह होने पर लोगों ने नजदीक जाकर देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दे दी. सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खोलकर देखा. बोरे के अंदर एक अज्ञात युवक का शव मिला, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए. बताया जा रहा है कि मृतक का रंग गोरा है और उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है. युवक ने नीले रंग की शर्ट पहन रखी थी. फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को बोरे में भरकर यहां झाड़ियों में फेंक दिया गया, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके और पुलिस को गुमराह किया जा सके. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।



