जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में मंगलवार को नयी सरकार का औपचारिक आगाज हो गया. समाहरणालय सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता और सभी 34 वार्ड सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. कोल्हान के प्रमंडलीय आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने सभी जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलायी. इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समर्थकों की मौजूदगी रही. शपथ ग्रहण के साथ ही मानगो नगर निगम के नए बोर्ड ने अपना कार्यभार संभाल लिया है. शहर के विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर लोगों में नई उम्मीद जगी है. (नीचे भी पढ़ें)

डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर बढ़ी हलचल : मेयर और पार्षदों के शपथ लेने के तुरंत बाद अब डिप्टी मेयर पद के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गयी है. प्रशासनिक स्तर पर चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस पद के लिए कितने पार्षद मैदान में हैं, लेकिन अंदरखाने जोड़-तोड़ और रणनीति का दौर जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
मंगलवार दोपहर होगा फैसला : डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान के बाद मंगलवार दोपहर 3:30 बजे परिणाम घोषित होने की संभावना है. इसके बाद शाम 4 बजे नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर को शपथ दिलायी जायेगी. इसके साथ ही मानगो नगर निगम की पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न हो जायेगी. अब नयी टीम के गठन के बाद शहर के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.




