जमशेदपुर : आगामी त्योहारों में रामनवमी, हिन्दू नववर्ष यात्रा, ईद और चैती छठ को लेकर मंगलवार को बर्मामाइंस थाना परिसर में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गयी. इस बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोगों, बस्तीवासियों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक का मुख्य उद्देश्य सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना रहा. बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं. इनमें प्रमुख रूप से पीने के पानी की व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाइट, सड़कों की स्थिति और नालियों से बहते गंदे पानी की समस्या शामिल रही. इन मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गयी. (नीचे भी पढे़ं)
थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने सभी को आश्वस्त किया कि त्योहारों से पहले इन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और हर हाल में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी. साथ ही उन्होंने अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सहयोग के साथ त्योहार मनाएं. पुलिस प्रशासन और स्थानीय जनता के संयुक्त प्रयास से इस वर्ष सभी पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होंगे, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी.




