जमशेदपुर : जमशेदपुर में इन दिनों चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सुरक्षा के दावे कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं. ताजा घटना सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के रो-रो रोड की है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और आसानी से फरार हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रो-रो रोड निवासी अभय सिंह के क्वार्टर में देर रात चोर घुस आए. उस समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे, जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने बड़ी चालाकी से मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया. इसके बाद वे आंगन में खड़ी स्कूटी को लेकर मौके से फरार हो गए. सुबह जब परिवार के लोग जागे तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. (नीचे भी पढ़ें)
चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने उसी मोहल्ले में एक और वारदात को अंजाम देने की कोशिश की. उन्होंने पड़ोस में खड़ी एक बाइक का हैंडल लॉक तोड़ दिया था, लेकिन गेट का ताला नहीं तोड़ पाने के कारण वे बाइक चोरी करने में सफल नहीं हो सके. इस तरह एक बड़ी चोरी टल गयी. घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. लोग रात में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.




