जमशेदपुर : जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने मंगलवार को विधानसभा में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद से मुलाकात की. उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि उनके विधानसभा क्षेत्र जुगसलाई अन्तर्गत जुगसलाई नगर परिषद की पांच पानी टंकियों में से चार टंकियां जर्जर हो गयी है, जिस कारण कई वार्डो में पेयजलापूर्ति बाधित है. आप अवगत हो कि विगत शनिवार को एक पानी टंकी का ऊपरी हिस्सा टूट गया है, जिस कारण उस पानी टंकी से भी जलापूर्ति बंद हो गयी है. शेष अन्य पानी टंकियों के पिलरों में भी दरार बन गयी है. इससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता है. श्री कालिंदी ने अवगत कराया कि लगभग पूर्ण रूप से जर्जर एवं पुरानी हो चुकी पानी टंकियों की इस तरह की स्थिति होने से किसी भी वक्त जलापूर्ति पूर्ण रूप से बाधित हो सकती है. एक दशक पूर्व निर्मित पानी टंकियों की इस तरह की स्थिति होना आश्चर्य एवं दुर्भाग्यपूर्ण है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने आग्रह किया है कि उनके विधान सभा क्षेत्रान्तर्गत जुगसलाई नगर परिषद अवस्थित घटिया पानी टंकियों के निर्माण की जांच कराते हुए दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई तथा अविलम्ब शेष पानी टंकियों की विशेष मरम्मति या नई पानी टंकी के निर्माण हेतु संबंधित पदाधिकारी को आदेश दिया जाये. विधायक द्वारा अवगत कराने पर संज्ञान में लेते हुए मंत्री द्वारा मौके पर ही पदाधिकारी को जांच कराकर रिपोर्ट सौपने के आदेश दिया. इसके अलावा यह भी आदेश दिया कि तत्काल में पानी की सप्लाई की व्यवस्था की जाये और लोगों तक टैंकरों से पानी पहुंचायी जाये.




