जमशेदपुर : जमशेदपुर के शहरी जल प्रबंधन में दक्षता एवं आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कदमा वाटर टावर में स्वचालित जल आपूर्ति प्रणाली का उद्घाटन किया गया. इस प्रणाली का उद्घाटन टाटा स्टील के चीफ कारपोरेट सर्विसेज प्रणय सिन्हा द्वारा किया गया. इस अवसर पर टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी अतुल भटनागर, टाटा स्टील यूटिलिटीज श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, चीफ कारपोरेट सर्विसेज डेजिगनेटेड वरुण बजाज तथा जीएम वाटर सर्विसेज संजीव झा सहित जल एवं अपशिष्ट जल सेवा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

कदमा वाटर टावर वर्तमान में 34 वितरण वाल्वों के माध्यम से लगभग 18,500 उपभोक्ता कनेक्शनों को जल आपूर्ति करता है, जिससे कदमा क्षेत्र के विभिन्न हिस्से आच्छादित होते हैं. इस प्रणाली के स्वचालन के पश्चात, एक्ट्यूएटर संचालित वाल्व पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कार्य करेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर एवं विश्वसनीय पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी. इसके साथ ही, टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा अब तक कुल तीन वाटर टावर सेंट्रल, सोनारी एवं कदमा का सफलतापूर्वक स्वचालन किया जा चुका है. यह पहल स्मार्ट जल प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसका उद्देश्य सेवा की विश्वसनीयता बढ़ाना तथा कदमा के निवासियों के समग्र उपभोक्ता अनुभव को बेहतर बनाना है.











