जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित शिव मंदिर रोड इलाके में बीती रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए सनसनी फैला दी. अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से दुकानों के ताले काटकर अंदर घुसपैठ की और नकदी समेत सामान पर हाथ साफ कर दिया. जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले ‘अपना मार्ट’ का ताला काटकर दुकान में प्रवेश किया. इसके बाद उन्होंने ‘जनार्दन ज्वेलर्स’ के भी करीब 9 ताले तोड़े, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर काफी तैयारी के साथ आए थे. वहीं ‘संतोषी भंडार’ के भी दो ताले काटे गए और वहां से लगभग 25 हजार रुपये नकद के साथ कुछ खाने-पीने का सामान चोरी कर लिया गया. (नीचे भी पढे़ं)

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तब घटना का खुलासा हुआ. इसके बाद तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गयी. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है.



