जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह स्थित विजय गार्डन गेट नंबर-1 के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान अभिषेक डे के रूप में की गयी है, जो नाइट ड्यूटी कर अपने घर लौट रहे थे. मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपनी बाइक से घर की ओर जा रहे थे. उसी दौरान एक सरिया लदा ट्रेलर भी उसी रास्ते से गुजर रहा था. अचानक ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद ट्रेलर चालक ने लापरवाही दिखाते हुए वाहन को आगे बढ़ा दिया और अभिषेक को कुचलते हुए निकल गया. मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद चालक ट्रेलर को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी और तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. बताया जा रहा है कि अभिषेक एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और महीने का अंतिम दिन होने के कारण देर रात ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. घटना की सूचना परिजनों को दे दी गयी है, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.



