जमशेदपुर : भूमिज विद्रोह (1832-33) के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की जयंती आगामी 25 अप्रैल 2026 को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित रीगल (गोपाल) मैदान में भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से आयोजित की जाएगी. इस आयोजन में सिंहभूम प्रमंडल के तीनों जिलों सहित ओडिशा, पश्चिम बंगाल और असम से भी प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है. आयोजन में 50 हजार से अधिक भूमिज समाज के लोगों के जुटने का लक्ष्य रखा गया है. कार्यक्रम का आयोजन वीर शहीद गंगा नारायण सिंह जयंती समारोह आयोजन समिति एवं भूमिज स्वशासन सरदार मुड़ा, नाया, डाकुओ व्यवस्था के अगुवाई में किया जा रहा है, जबकि पोटका विधायक संजीव सरदार को इसका मुख्य संरक्षक बनाया गया है. जमशेदपुर के सर्किट हाउस में आयोजित बैठक के बाद भूमिज समाज के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर यह जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)
इसके लिए गोपाल मैदान बिष्टुपुर को बुक कर लिया गया है, जहां सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होगा. आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रमंडल, जिला, विधानसभा, प्रखंड एवं जोन स्तर पर कार्यक्रम प्रभारियों की नियुक्ति की गई है और व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की पूजा-अर्चना से होगी, जिसके बाद विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी. इसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां के साथ-साथ अन्य राज्यों के प्रतिनिधि भी अपने विचार रखेंगे. दोपहर के बाद भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय दलों द्वारा सरहुल नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा. शाम के समय विशाल जनसभा आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य के मंत्रीगण तथा टाटा स्टील के एमडी, वीपीसीएस, टीएसएफ के चीफ को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है. (नीचे भी पढ़े)

आयोजन समिति ने यह भी कहा की वो शहर में वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करेंगे और इसके लिए समिति टाटा स्टील प्रबंधन, टाटा स्टील यूआईएसएल एवम टाटा स्टील फाउंडेशन समेत अन्य शासी निकाय से प्रतिमा स्थापना के लिए जगह की मांग करेंगे ताकि शहर में वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित की जा सके. आयोजन के दौरान भूमिज समाज की पारंपरिक वस्तुओं एवं व्यंजनों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए स्टॉल भी लगाए जाएंगे. इसके लिए संबंधित लोगों से सूची मांगी गई है. आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम न केवल श्रद्धांजलि का अवसर होगा, बल्कि समाज की संस्कृति, परंपरा और एकता को प्रदर्शित करने का एक बड़ा मंच भी बनेगा. प्रेस कॉन्फ्रेन में हरीश चंद्र सिंह, सुदर्शन भूमिज, बलराम सिंह , भोला सरदार, राधेश्याम सिंह, विभीषण सरदार, रामपदों सरदार, भानु सरदार, बृहस्पति सरदार, सुनील कुमार सिंह, रवींद्रनाथ सिंह ताजेश्वर सिंह, कानू सिंह, ठाकुर सिंह, आदि उपस्थित थे.




