जमशेदपुर : विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों के लिए जमशेदपुर में दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया है. यह लाइब्रेरी जमशेदपुर के साकची स्थित स्ट्रेट माइल रोड (टीएमएच क्लिनिक के समीप) दिनशा मेमोरियल म्युनिसिपल भवन में संचालित है. पाठकों के लिए लाइब्रेरी प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित है.विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को अध्ययन के लिए आधुनिक सुविधा, बेहतर व शांत वातावरण में लगभग 8 हज़ार विविध प्रकार की पुस्तकों का विशाल संग्रह उपलब्ध है.(नीचे भी पढ़े)

लाइब्रेरी में सदस्यता हेतु एकमुश्त पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है. 6–16 वर्ष के बच्चों के लिए 100 रूपये, 16–25 वर्ष के छात्रों के लिए 300 रूपये, 25–60 वर्ष के वयस्कों के लिए 500 रूपये, 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 100 रूपये सदस्यता शुल्क निर्धारित है. इच्छुक नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं अथवा पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ सीधे लाइब्रेरी में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं. पाठकों की सुविधा एवं पठन-संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुस्तक निर्गमन (बुक इश्यू) सुविधा प्रारंभ कर दी गई है. अब लाइब्रेरी के पंजीकृत सदस्य पुस्तकें अपने घर ले जाकर अध्ययन कर सकेंगे. (नीचे भी पढ़े)
लाइब्रेरी प्रबंधन द्वारा विभिन्न आयु एवं वर्ग के पाठकों को ध्यान में रखते हुए सदस्यता शुल्क निर्धारित किया गया है. पुस्तक सदस्यता शुल्क मासिक, त्रैमासिक एवं वार्षिक आधार पर बच्चे 50 रूपये, 120 रूपये, 550 रूपये, छात्र 100 रूपये, 270 रूपये, 1,100 रूपये,वयस्क 150 रूपये, 420 रूपये, 1,700 रूपये, वरिष्ठ नागरिक 120 रूपये, 330 रूपये, 1,300 रूपये निर्धारित किया गया है.सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देते हुए दिव्यांगजन के लिए सदस्यता शुल्क पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है. जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने इस लाइब्रेरी से शहर में अध्ययन, पठन-पाठन एवं बौद्धिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई है तथा लाइब्रेरी विद्यार्थियों एवं पाठकों के लिए एक महत्वपूर्ण ज्ञान केंद्र के रूप में उपयोगी साबित होगी. पाठकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय प्रबंधन द्वारा लाइब्रेरी के पंजीकृत सदस्य पुस्तकें अपने घर ले जाकर अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय कदम है.















