रांची : महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार ने शुक्रवार को लोकभवन में “चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026” के पोस्टर का विमोचन किया. इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, क्षेत्र प्रचारक रामनवमी, विभाग संपर्क प्रमुख भानु जालान, महानगर प्रचार प्रमुख स्निग्ध रंजन, चित्रपट झारखंड के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह तथा कोषाध्यक्ष सुमित मित्तल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. चित्रपट झारखंड द्वारा आयोजित यह फिल्म महोत्सव आगामी 26, 27 एवं 28 जून 2026 को रांची के टाटीसिल्वे स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा. (नीचे भी पढ़ें)
इस फिल्म महोत्सव का मुख्य उद्देश्य झारखंड के युवा फिल्म निर्माताओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करना है. इसके माध्यम से झारखंड के फिल्मकार अपनी कला के जरिए राज्य की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत कर सकेंगे. इस फिल्म महोत्सव में केवल झारखंड के फिल्म निर्माता ही अपनी फिल्में प्रदर्शित कर सकेंगे. प्रतियोगिता में फिल्मों की तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं – लघु फिल्म (20 मिनट), वृत्तचित्र (30 मिनट) एवं परिसर फिल्म (15 मिनट. इसमें केवल लघु फिल्में ही मान्य होंगी. इसमें भागीदारी के लिए लघु फिल्मों एवं वृत्तचित्रों के लिए पंजीयन शुल्क 500 रुपये, जबकि परिसर फिल्म के लिए 250 रुपये रखा गया है. विद्यार्थियों के लिए विशेष रियायत के तहत वे किसी भी श्रेणी में मात्र ₹250 पंजीयन शुल्क देकर अपनी फिल्म जमा करा सकेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
झारखंड में बोली जाने वाली सभी भाषाओं में फिल्में स्वीकार की जाएंगी. हिंदी और अंग्रेजी के अतिरिक्त अन्य भाषाओं की फिल्मों के लिए हिंदी अथवा अंग्रेजी में उपशीर्षक अनिवार्य होगा. इसमें शामिल की जानेवाली फिल्मों के लिए निम्न लिखित 12 विषय निर्धारित किए गए हैं – झारखंड का इतिहास, जनजातीय समाज, ग्राम विकास, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण, सामाजिक समरसता, युवा और नशा-मुक्ति, नागरिक कर्तव्य, खेल और प्रतिभा, पलायन, डिजिटल भारत / तकनीकी परिवर्तन एवं भ्रष्टाचार और पारदर्शिता. (नीचे भी पढ़ें)
आयोजन समिति ने इसके लिए केवल 1 जुलाई 2023 के बाद निर्मित फिल्में ही स्वीकृत करने का निर्णय लिया है, जबकि फिल्में रविवार, 7 जून 2026 तक ही जमा कराई जा सकेंगी. इसके लिए चयनित फिल्मों की सूची 15 जून 2026 को प्रकाशित की जाएगी. इस फिल्म महोत्सव में कुल ₹2,70,000 के नकद पुरस्कार रखे गए हैं.















