जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित जॉगर्स पार्क इलाके में शनिवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 21 वर्षीय युवक प्रदीप राम ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह किसी घरेलू बात को लेकर उसकी मां ने उसे हल्की फटकार लगाई थी, जिसके बाद वह मानसिक रूप से आहत हो गया. बताया जा रहा है कि डांट से नाराज होकर प्रदीप सीधे अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. काफी देर तक जब कमरे से कोई आवाज या हलचल नहीं हुई, तो परिजनों को चिंता सताने लगी. परिजनों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. अनहोनी की आशंका के बीच परिजनों ने मजबूरन दरवाजा तोड़ दिया. (नीचे भी पढे़ं)
कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए. प्रदीप फंदे से लटका हुआ था. आनन-फानन में परिजनों ने उसे नीचे उतारा और तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह खुद को इस घटना के लिए जिम्मेदार मान रही हैं. स्थानीय लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर गहरा दुख और संवेदना का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाल रही है.














