वाशिंगटन: अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने पृथ्वी की हाई-रिजॉल्यूशन वाली शानदार तस्वीरें शेयर की हैं. यह तस्वीर नासा के आर्टेमिस II के क्रू ने ली थी, जब वे चांद की ओर अपनी यात्रा पर निकले थे. इस तस्वीर को देखकर लोग इंटरनेट पर दीवाने हो रहे हैं. नासा ने एक्स पर अपने आधिकारिक अर्थ अकाउंट से इस तस्वीर को पोस्ट किया और साथ में कैप्शन दिया- दैट्स अस! (नीचे भी पढ़ें)

नासा ने बताया कि ये तस्वीरें आर्टेमिस II मिशन के कमांडर रीड वाइजमैन ने उस समय लीं, जब क्रू ने इंजन का आखिरी बर्न पूरा कर लिया. इस तस्वीर में पृथ्वी अंतरिक्ष के गहरे अंधेरे के बीच एक चमकते हुए नीले गोले की तरह दिखाई देती है. एक तस्वीर में अटलांटिक महासागर का विशाल नीला विस्तार दिखाई देता है. इसके चारों ओर वायुमंडल की एक पतली चमक है और दोनों ध्रवों पर हरी-हरी ऑरोरा दिखाई देती है.(नीचे भी पढ़ें)
तस्वीर में पृथ्वी हमें उल्टी दिखाई देती है, जिसमें पश्चिमी सहारा और दक्षिण अमेरिका का पूर्वी हिस्सा दाईं ओर दिखाई देता है. ये तस्वीरें तब ली गईं, जब क्रू ने शुक्रवार सुबह ट्रांस-लूनर इंजेक्शन बर्न सफलापूर्वक पूरा कर लिया. इस बर्न की मदद से ओरियन अंतरिक्षयान पृथ्वी की कक्षा से बाहर निकल गया. चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर यह अंतरिक्ष यान चंद्रमा की तरफ बढ़ रहा है. नासा का आर्टेमिस II अब एक लूप वाले रास्ते पर है, जो क्रू को चांद के दूसरी तरफ ले जाकर वापस ले आएगा. 1972 के अपोलो मिशन के बाद यह पहली बार है, जब इंसान पृथ्वी की कक्षा से बाहर गए हैं. तय शेड्यूल के अनुसार, आर्टेमिस II आगामी 6 अप्रैल को चांद के दूसरी तरफ से गुजरेगा और 10 अप्रैल को पृथ्वी पर लौटेगा.














