जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में हुई चापड़बाजी और फायरिंग के मामले का पुलिस ने उद्भेदन किया है. जहां पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. गिरफ्तार आरोपियों में सीतारामडेरा छायानगर का रहने वाला करण वर्मा (21), निर्भय सिंह उर्फ छोटका (19), संतोष वर्मा उर्फ मुन्ना और कुणाल मुंडा उर्फ छिला (23) को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. वहीं उनके पास से घटना में प्रयोग किया गया एक देसी कट्टा और तीन चापड़ तथा दो मोबाइल फोन जब्त की गयी है. इसे लेकर सिटी एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस की. (नीचे भी पढे़ं)

उन्होंने उद्भेदन करते हुए बताया कि 31 मार्च की रात्रि सीतारामडेरा के छायानगर में अपराधियों ने नंद लोहार उर्फ नंदु कर्मकार पर चापड़ से हमला कर दिया था और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की थी. जिसकी जांच के लिए एसएसपी के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी एसपी और डीएसपी भोला प्रसाद के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया. टीम द्वारा चारों को सीतारामडेरा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया. सभी शहर छोड़कर बस से पटना भागने की तैयारी में थे. वहीं कुणाल मुंडा उर्फ छिला का अपराधिक इतिहास है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है.














