जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के एक आरोपी की गिरफ्तारी से जुड़े मामले में हरियाणा की फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने छापेमारी कर परसुडीह के सरजामदा निवासी ऋतिक सिंह को गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ हरियाणा ले गई.जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद में दर्ज एक साइबर अपराध मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन जमशेदपुर में मिली थी. इसके बाद फरीदाबाद पुलिस की एक विशेष टीम जमशेदपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की योजना बनाई. टीम ने टेल्को थाना क्षेत्र में टाटा मोटर्स के साउथ गेट के पास घेराबंदी कर आरोपी को 31 मार्च को धर दबोचा.(नीचे भी पढ़े)
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और साइबर ठगी के कई मामलों में संलिप्त होने की आशंका है. गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. इसके पश्चात फरीदाबाद पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर हरियाणा रवाना हो गई.इस कार्रवाई ने एक बार फिर संकेत दिया है कि जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों से साइबर अपराध के तार जुड़ रहे हैं. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और ठगी के तरीकों का पता लगाने में जुटी है. उम्मीद जताई जा रही है कि इस गिरफ्तारी से साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है और आने वाले समय में और भी आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है.














