जमशेदपुर : सीआइएससीई की 12वीं के घोषित परिणाम में जमशेदपुर की छात्रा शांभवी तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल टॉप किया है. सैक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा शांभवी ने 100 प्रतिशत अंक हासिल कर शहर और स्कूल का नाम रौशन किया है. इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है और लोग इसे बड़ी सफलता मान रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

शांभवी तिवारी का लक्ष्य डॉक्टर बनना है. वह आगामी 3 मई को होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होगी. उनका परीक्षा केंद्र अब्दुल बारी कॉलेज में निर्धारित है. बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ उन्होंने नीट की तैयारी पर भी विशेष ध्यान दिया और लगातार मॉक टेस्ट देती रही. शांभवी के पिता राकेश रमण आकाशवाणी में प्रोग्राम एग्जिक्यूटिव हैं, जबकि उनकी माता निभा सिन्हा सेंट मेरी इंग्लिश हाई स्कूल में केमिस्ट्री की शिक्षिका हैं. पिता के अनुसार, शांभवी शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही है और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखती है. (नीचे भी पढ़ें)
रोजाना लगभग 9 घंटे पढ़ाई करने वाली शांभवी ने सेल्फ स्टडी को अपनी सफलता का मुख्य आधार बनाया. स्कूल के बाद भी वह नियमित रूप से पढ़ाई करती थी और अब सुबह से ही तैयारी में जुट जाती है. उन्होंने साकची स्थित आकाश कोचिंग से भी मार्गदर्शन लिया. राकेश रमण के मुताबिक, सफलता के लिए छात्रों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनना चाहिए, आत्मविश्वास बनाए रखना चाहिए और निरंतर मेहनत करनी चाहिए. यही सफलता का मूल मंत्र है.



