नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नामित किया है, जबकि असम में विधायक दल के नेता को चुनने के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है.पश्चिम बंगाल में विधायक दल का नेता चुनने की जिम्मेदारी अमित शाह को दी गई है. उनकी टीम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को शामिल किया गया है. उन्हें सह पर्यवेक्षक बनाया गया है. इसी तरह असम के लिए विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक के रुप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी को बनाया गया है. (नीचे भी पढ़े)
विदित हो कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को प्रचंड जीत मिली है. पार्टी ने 207 सीटों पर कब्जा जमा लिया है. पहली बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनने वाली है. सत्तारूढ़ टीएमसी को करारी हार का सामना करना पड़ा और उसे 81 सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि कांग्रेस को केवल दो सीटें मिली हैं. दो वामदलो व दो सीट हुमायुं कबीर की पार्टी को जीत मिली है. इसी तरह असम में भाजपा को धमाकेदार जीत मिली है. भाजपा नीत एनडीए गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस गठबंधन महज 21 सीटों पर सिमट गया. भाजपा गठबंधन को पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार अधिक सीटें मिली हैं (2021 में गठबंधन को 76 सीटें मिली थीं). इस बार असम में भाजपा ने अकेले के दम पर 82 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस को केवल 19 सीटें ही मिल सकीं.







