जमशेदपुर : झारखण्ड अधिविद्य परिषद् रांची द्वारा वार्षिक माध्यमिक परीक्षा एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जा रही है. उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार सुचारू रूप से परीक्षा संचालन हेतु शिक्षा विभाग द्वारा कोषांग का गठन करते हुए कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है. गठित कोषांग प्रतिदिन जिलान्तर्गत निर्धारित परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों से परीक्षा प्रारंभ के आधा घंटा पूर्व से अनुश्रवण करते हुए परीक्षा संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त करेगें एवं किसी प्रकार की परीक्षा केन्द्र में कठिनाई की स्थिति में संसूचित करेंगे. परीक्षा समाप्ति के एक घंटा उपरांत अनिवार्य रूप से परीक्षा संचालन से संबंधित प्रतिवेदन भी उपलब्ध करायेंगे. साथ ही यदि सर्वसाधारण के द्वारा परीक्षा से संबंधित किसी प्रकार की समस्या सूचना प्राप्त होती है तो कोषांग के सदस्य तत्काल उच्चाधिकारी को सूचित करते हुए अग्रेत्तर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर, झारखण्ड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के द्वारा वर्तमान समय में पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर जिला में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा संचालित किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल मैट्रिक का हिंदी और साइंस प्रश्नपत्र के हू-ब-हू होने के बाद जैक के द्वारा उक्त परीक्षा रद्द कर दिया गया है. वहीं इस मामले में असमाजिक तत्वों द्वारा गलत इरादे से भ्रमक खबर फैलाये जाने की आशंका को लेकर उपायुक्त अनन्य मित्तल द्वारा पदाधिकारियों को अलर्ट पर रहने व सोशल मीडिया के गहन निगरानी का निर्देश दिया गया है. साथ ही, वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस उपाधीक्षक, साईबर अपराध के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी है जो अपने साइबर सेल को अलर्ट मोड में रखते हुए, सोशल मीडिया या व्हाट्सएप ग्रुप पर प्रश्नपत्र से संबंधित किसी भी अफवाह व सूचना का पता लगा सके और आवश्यक कार्रवाई की जा सके. यदि जिले में ऐसी कोई गतिविधि पाई जाती है तो यथाशीघ्र दोषियों को चिन्हित कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.












