सरायकेला: सरायकेला में शनिवार को श्री श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में 10 वां भव्य निशान शोभायात्रा के साथ श्री श्याम रंग रंगीला बसंत ऋतु महोत्सव का शुभारंभ किया गया. जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. गाजे- बाजे, जयकारे व श्री श्याम निशान के साथ बड़ी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए. माथे पर तिलक व अबीर- गुलाल खेलते श्याम भक्त भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए. भव्य निशान शोभा यात्रा लक्ष्मी नरायण मंदिर से निकाली गई. जिसमें 2100 पुरुष एवं महिला एक ही रंग के वस्त्र धारण कर शामिल हुए. इस दौरान नृत्य नाटिका द्वारा मनमोहक नृत्य व भजन पेश किया गया. शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा, बड़ा ही दयालु है वह मेरा श्याम एक बार उसकी शरण में आकर तो देखो आदि जयघोष लगाते हुए बढ़ रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर कालूराम चौक से संजय चौक व गैरेज चौक से थाना चौक एवं बस स्टैंड होते हुए समारोह स्थल बिरसा मुंडा स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई. निशान यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को बाबा का खजाना दिया गया. शोभा यात्रा जिधर से गुजरी, वहां के लोगों ने घरों से निकल कर फूलों की वर्षा की. शोभा यात्रा से पूरा नगर रंग रंगीला बसंत ऋतु से सराबोर हो गया. ऐसा नजारा बना कि जैसे भगवान श्री कृष्ण स्वयं सरायकेला में पधारे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा – श्री श्याममित्र मंडल की ओर से निकाली गई शोभायात्रा में श्री श्याम बाबा का रथ व निशान लेकर चल रहे श्याम भक्तों पर कई जगहों पर पुष्पवर्षा की गई. शोभायात्रा को ले मार्ग की साफ- सफाई की गई थी. श्री श्याम रथ को आकर्षक ढंग से सजाया गया था.











