रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : पोड़ाहाट महिला महासंघ द्वारा सोनुआ के निश्चिन्तपुर मैदान में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष परिचर्चा और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्र की महिलाओं की मौजूदगी में जल संकट की समस्या और जल संरक्षण में महिलाओं की भागीदारी विषय पर परिचर्चा आयोजित हुई. (नीचे भी पढ़ें)

चक्रधरपुर के भूमि संरक्षण पदाधिकारी लोकेश यादव, सीओ अनुज टेटे, जिला परिषद् सदस्य जगदीश नायक, विभिन्न पंचायतों के मुखिया और अन्य अतिथियों ने अपने संबोधन में जीवन के लिए जल के महत्व के बारे में बताते हुए जल-संरक्षण में सभी की भागीदारी जरूरी बताई. भूमि संरक्षण पदाधिकारी लोकेश यादव ने जल संरक्षण को लेकर उनके विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे तालाब निर्माण की योजनाओं की भी जानकारी दी. साथ ही उन्होंने इस योजना में पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी के बारे में भी चर्चा की. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर महासंघ की महिलाओं के समूह द्वारा नाटक का मंचन कर जल संरक्षण के लिए जागरूकता संदेश दिया गया. महिला महासंघ के विभिन्न समूहों द्वारा मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये जिनमें पारंपरिक नृत्य भी प्रस्तुत किये गए. मौके पर कार्यक्रम में सोनुआ प्रखंड के मनरेगा बीपीओ शीतल सिंकू, प्रदान संस्था के रूपेश प्रधान समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे.














