सरायकेला : संजय नदी पर पथ निर्माण विभाग द्वारा बनाया गया 120 मीटर लंबा उच्चस्तरीय पुल विगत 10 वर्षों से बन कर तैयार है, लेकिन एप्रोच रोड का निर्माण नहीं हो पाने के कारण आम जनता उसका उपयोग नहीं कर पा रही है. खरसावां, कुचाई और दलभंगा के निवासियों के लिए यह पुल अत्यंत आवश्यक है, लेकिन फिलहाल उन्हें एक अस्थायी पुल के सहारे सफर करना पड़ रहा है, जो बारिश के दिनों में जलमग्न हो जाने से आवागमन बंद हो जाता है. (नीचे भी पढ़ें)

झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (जलाडो) ने इस गंभीर समस्या को लेकर 23 नवंबर 2023 को झारखंड के मुख्य सचिव, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव समेत सभी संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर अप्रोच रोड के शीघ्र निर्माण की मांग की थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर जलाडो के अध्यक्ष, अधिवक्ता ओम प्रकाश ने झारखंड उच्च न्यायालय में जुलाई 2024 में जनहित याचिका दायर की. उक्त याचिका पर विगत 4 मार्च को मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्र राव एवं न्यायमूर्ति दीपक रौशन की खंडपीठ ने सुनवाई करते हुए सरकार को एक सप्ताह के भीतर नोटिस जारी करने और प्रत्युत्तर दाखिल करने का निर्देश दिया है. इस मामले की अगली सुनवाई आगामी 6 मई को होगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस पुल के अप्रोच रोड के अभाव में प्रतिदिन सरायकेला सिविल कोर्ट आने-जाने वाले 25-30 अधिवक्ता और कई वादकारी भारी परेशानी झेल रहे हैं. बारिश के दिनों में जब कॉजवे जलमग्न हो जाता है, तो सरायकेला जिला मुख्यालय का खरसावां से संपर्क पूरी तरह कट जाता है. बीमार व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने में भी कठिनाई होती है, जिससे कई बार गंभीर हालात उत्पन्न हो जाते हैं.














