चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के लोधाशोली पंचायत के देवशोल गांव के गोप टोला में बीती रात एक हाथी ने रंजीत गोप के घर की चहारदीवारी और घर के गेट को तोड़ दिया. घर में रखे अनाज को खाया. घटना की सूचना पाकार शुक्रवार की सुबह पहुंचे प्रभारी वनपाल कल्याण महतो समेत सात वन कर्मियों को आक्रोशित ग्रामीणों ने बंधक बना लिया. इसकी सूचना पाकर थाना के एसआई सुखलाल हांसदा पुलिस बल के साथ पहुंचे. मगर ग्रामीण अपनी मांग पर अडिग रहे. इसके बाद सीओ नवीन पुरती और थाना प्रभारी संतोष कुमार पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया. करीब पांच घंटा बाद ग्रामीणों ने वन कर्मियों को छोड़ा. मिली जानकारी के अनुसार रात में हाथी ने रंजीत गोप के घर की चहारदीवारी और गेट को तोड़ दिया. (नीचे भी पढ़े)

हाथी ने घर में रखे धान, चावल, गेहूं और मूढ़ी को खाया. घटना की सूचना पर प्रभारी वनपाल कल्याण महतो सुबह करीब 8:00 बजे प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा के लिए फार्म उपलब्ध कराने पहुंचे तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें बंधक बना लिया. इसकी सूचना पाकर वनरक्षी मुकेश गोराई, विप्लव कुमार, सुजीत हांसदा, क्यूआरटी के भुजू राम सोरेन, कैलाश सिंह और होमगार्ड राजीव महतो वहां पहुंचे. आक्रोशित ग्रामीणों ने इन्हें भी बंधक बना लिया. थाना के एसआई सुखलाल हांसदा ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. मगर ग्रामीण नहीं माने. ग्रामीणों का कहना था कि वन विभाग हाथी द्वारा तोड़े गए चहारदीवारी और गेट की मरम्मत कराए. वन विभाग द्वारा हाथी प्रभावितों को मुआवजा भुगतान के लिए सिर्फ मुआवजा फॉर्म ही उपलब्ध कराया जाता है. मुआवजा नहीं दिया जाता है. ग्रामीणों का यह भी कहना था कि वन विभाग इस हाथी को जान और माल की सुरक्षा के लिए किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए. सीओ और थाना प्रभारी द्वारा समझाए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और दोपहर करीब 1:00 बजे वन कर्मियों को मुक्त किया.














