रामगोपाल जेना/चाईबासा : अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन की चाईबासा शाखा की ओर से होली के पावन अवसर पर स्थानीय पिल्लई हॉल में हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ. होली के रंगों और हंसी-मजाक के साथ सामाजिक एकता एवं भाईचारे का संदेश फैलाने के उद्देश्य से आयोजित उक्त कार्यक्रम एसआर रुंगटा ग्रुप, रुंगटा माइंस व टीएमटी बार एंड रॉड के सौजन्य से हुआ. संध्या 8 बजे से आरंभ कवि सम्मेलन दोर रात्रि 1 बजे तक चले कवि सम्मेलन में उपस्थित श्रोताओं के ठहाके खूब गूंजे. (नीचे भी पढ़ें)

मारवाड़ी सम्मेलन की चाईबासा शाखा के अध्यक्ष रमेश खिरवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पवन चाण्डक को कार्यक्रम संयोजक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई थी. कोल्हान के डीआइजी मनोज रतन चौथे, पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त कुलदीप चौधरी, उपविकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, असिस्टेंट कलेक्टर अर्णव मिश्रा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोप्नो, एसआर रुंगटा ग्रुप के मुकुंद रुंगटा, और मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष रमेश खिरवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कवि सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर कवियों और श्रोताओं के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए मंच का संचालन कवि बुद्धिप्रकाश दाधीच ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत डॉ वंदना शुक्ला ने मां सरस्वती की आराधना के साथ की. हास्य कवि सम्मेलन में हास्य के साथ वीर एवं शृंगार रस का बेहतरीन संगम देखने को मिला. कवियों ने अपनी हास्य कविताओं से श्रोताओं को हंसी के फव्वारों से सराबोर कर दिया, वहीं वीर एवं शृंगार रस की कविताओं ने भी श्रोताओं पर गहरा प्रभाव छोड़ा. सम्मेलन में कवयित्री श्रद्धा शौर्य ने होली के रंगों पर कविताएं प्रस्तुत की. उन्होंने “होली में होती है रंगों की बौछार रसिया, मिल खेलो रंग रंगों का त्योहार रसिया,” से श्रोताओं का दिल जीता. कवि बुद्धिप्रकाश दाधीच ने अपनी कविताओं में जीवन संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों से जीतने की बातें साझा कीं. कवि संदीप शर्मा ने अपनी कविता “राम दो अक्षर हैं जिससे सारी सृष्टि है…” से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया, वहीं अभय सिंह निर्भीक ने देशभक्ति की कविताओं से माहौल में देशप्रेम का रंग भरा. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा, सुनील व्यास ने हास्य के जरिए श्रोताओं को खूब हंसाया. उन्होंने बताया कि कैसे आधुनिक जीवन की चुनौतियां और बच्चों की जिंदगी से जुड़ी मजेदार बातें उन्हें प्रेरित करती हैं. कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुकुंद रुंगटा के मार्गदर्शन में अध्यक्ष रमेश खिरवाल, निवर्तमान अध्यक्ष अनिल मुरारका, सचिव रूपेश अग्रवाल और संयोजक पवन चाण्डक समेत सभी सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई. अंत में चाईबासा मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष ने कार्यक्रम के प्रायोजक एसआर रुंगटा ग्रुप और चाईबासा में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए नन्दलाल रुंगटा और मुकुंद रुंगटा का आभार जताया. उन्होंने सभी श्रोताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों और कवियों का भी धन्यवाद ज्ञापन किया.



