जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे पटमदा की बिरदा पंचायत के बेलडीह गांव निवासी सुभाष महतो की एक साल की मासूम बेटी वृष्टि महतो के दिल में छेद है. अत्यंत ही गरीब परिवार के पास बच्ची के इलाज के लिए जरूरी संसाधन नहीं है. बच्ची की तबीयत ख़राब होने पर बंगाल के पुरुलिया में जांच कराने पर उसके दिल में छेद होने का पता चला, जिसके यथाशीघ्र इलाज की आवश्यकता चिकित्सक ने बताई है. (नीचे भी पढ़ें)

पिता सुभाष महतो ने झामुमो नेता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी को इस संकट की जानकारी दी. कुणाल षाड़ंगी ने नम्या स्माइल फाउंडेशन के माध्यम से परिवार की मदद का बीड़ा उठाया है. कुणाल ने पीड़ित परिवार के घर का दौरा भी किया और परिजनों से तमाम जानकारियां एकत्र करने के साथ ही उन्हें मदद का भरोसा दिलाया. कुणाल ने उन्हें आश्वस्त किया कि नम्या स्माइल फाऊंडेशन बच्ची के ऑपरेशन का खर्च उठाएगा. यह ऑपरेशन दिल्ली या कोच्चि के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में होगा जहां परिवार के रहने की व्यवस्था भी होगी. कुणाल षाड़ंगी ने जिला प्रशासन से आंगनवाड़ी केंद्रों के कार्यों की बेहतर मॉनिटरिंग की मांग की है, ताकि समय रहते ऐसे रोगियों की पहचान की जा सके. (नीचे भी पढ़ें)

मौक़े पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, सुजीत महतो, विश्वामित्र दास, गंगाधार महतो, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान तनेजा, समाजसेवी कृपासिंधु महतो, इंद्रजीत सिंह, कुमारेश उपाध्याय समेत कई अन्य उपस्थित थे.



