जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर स्थित अल्तमस सिटी के भूमिहार सदन मैं उत्तर प्रदेश एसटीएफ की ओर से की गई कार्रवाई में मारे गए मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर अनुज कनौजिया केशव को पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है. इस एनकाउंटर में झारखंड एटीएस की टीम भी शामिल थी. मिली जानकारी के मुताबिक अनुज कनौजिया के साथ और भी अपराधी उसे जगह पर थे जहां से उसके एक और साथी को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी मिली है. इसके अलावा अपराधियों की गोली से उत्तर प्रदेश एसटीएफ के डीएसपी पीके शाही भी घायल हो गए हैं जिनको टीएमएच में भर्ती कराया गया है. वहां उनका इलाज चल रहा है.मिली जानकारी के मुताबिक मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर अनुज कनौजिया पिछले दो महीने से इस इलाके में था और उत्तर प्रदेश पुलिस भी उसकी तलाश में यही पर थी. बताया जाता है कि अनुज कनौजिया यहीं से एक फोन नंबर से अपने नजदीकी लोगों से उत्तर प्रदेश में बात किया करता था जिसका फोन लोकेशन जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र मिला था जिसके बाद से उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम उसकी तलाश लगातार कर रही थी. (नीचे भी पढ़ें)

शनिवार की रात करीब 10:00 बजे के बाद पुलिस को जब यह सटीक सूचना मिल गई कि यहीं पर वह है तब उत्तर प्रदेश एसटीएफ और झारखंड एटीएस की टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और फिर अपराधियों को बाहर बुलाया. फूल प्रूफ योजना के तहत जैसे ही कुछ लोगों ने ऊपर से आवाज लगाई. वैसे ही उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपराधियों को सरेंडर करने को कहा. लेकिन अपराधियों ने अंदर से ही फायरिंग करनी शुरू कर दी और बम भी चलाया. बताया जाता है कि अपराधियों ने वहां से जब फायरिंग शुरू की तब पुलिस ने कार्रवाई की और घेराबंदी कर सारे लोगों को सरेंडर कराया और अनुज कनौजिया को वहीं पर मार गिराया. बताया जाता है कि एक अपराधी को भी पुलिस पकड़ने में कामयाब हुई और एसटीएफ के डीएसपी भी घायल हो गए जिनका इलाज टीएमएच में चल रहा है.














