जमशेदपुर: सोमवार रात करीब 1 बजे आजादनगर थाना क्षेत्र के हुसैनी मस्जिद के पास हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है. इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इमरान खान उर्फ मोनी इमरान उर्फ कटप्पा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है, हालांकि इमरान का एक साथी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि इस घटना से पहले सोमवार शाम को हुसैनी मस्जिद के पास इमरान और करीम के भाई के बीच विवाद हुआ था, जिसे कुछ समय बाद सुलझा लिया गया था. लेकिन बाद में, रात करीब 1 बजे इमरान अपने साथियों पप्पू उर्फ समीर खान, आबिद आलम और विक्की के साथ फिर से उसी स्थान पर पहुंचा और हवाई फायरिंग कर दी. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है.















