चांडिल: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा डिवीजन अंतर्गत टाटानगर- चांडिल रेलखंड पर चांडिल थाना अंतर्गत मानीकुई के समीप मंगलवार देर रात एक ट्रक संख्या यूपी21सीटी 0829 अनियंत्रित होकर गहरे खाई में पलट गया. यह ट्रक टाटा की ओर से आ रहा था और चांडिल की ओर जा रहा था. पलटने के बाद ट्रक बीच में ही अटक गया यदि थोड़ा और नीचे गिरता तो नीचे से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर जा गिरता, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था. इधर सूचना मिलते ही अद्रा रेल डिवीजन की रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और ट्रक को निकालने में जुटी है. चक्रधरपुर रेलवे डिवीजन के सांसद प्रतिनिधि सह डीआरयूसीसी मेंबर दिवाकर सिंह ने बताया कि रेलवे पूरी तत्परता से सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है ताकि रेलवे को कोई नुकसान न हो. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान रेलवे की ओर से उक्त मार्ग पर ट्रेनों के परिचालन में सावधानी बरती जा रही है. साथ ही युद्धस्तर पर ट्रक को निकालने का काम जारी है. वैसे गनीमत रही कि इस हादसे में ट्रक का चालक बाल- बाल बच गया है. रेस्क्यू ऑपरेशन में आद्रा डीआरएम तरुण हुरिया खुद घटनास्थल पर कैम्प कर रहे हैं. उनके साथ जीआरपी, आरपीएफ, चांडिल और कांड्रा थाने की पुलिस के अलावा रेलवे की पूरी रेस्क्यू टीम मौजूद है.














