जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा ट्राफिक कॉलोनी निवासी संगीता मुखी बुधवार सुबह ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गयी. उसे रेल पुलिस ने घायल हालत में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. इस दुर्घटना में उसके दोनों पैर के पंजे कट गए है, जबकि सिर में गंभीर चोट आई है. इधर, जानकारी मिलने पर उसके परिजन अस्पताल पहुंचे. संगीता के पुत्र ने बताया कि उसकी मां की मानसिक हालत ठीक नहीं है. वह अक्सर घर से निकल जाती है. बुधवार सुबह उसकी नींद खुली तो अपनी मां घर पर नहीं थी. काफी खोजबीन करने पर भी कुछ पता नहीं चला. (नीचे भी पढ़ें)
थोड़ी देर बाद मां के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली. मिली जानकारी के अनुसार संगीता को टाटानगर रेल पुलिस ने आदित्यपुर अंडरब्रिज के पास से घायल हालत में बरामद किया, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया. इस संबंध में संगीता से पूछने पर उसने बताया कि वह पारिवारिक विवाद से तंग आकर आत्महत्या करने के लिए निकली थी. हालांकि पुलिस अब यह पता लगा रही है कि संगीता आदित्यपुर कैसे पहुंची.














