जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत खड़िया बस्ती निवासी 27 वर्षीय ननकू लाल की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. एफआईआर मृतक ननकू लाल के पिता गुन्नू लाल के बयान पर दर्ज की गई. इसमें मोहल्ले के ही तीन युवकों लल्ला उर्फ कृष्णा, धुरी और लापक उर्फ दीपक को नामजद आरोपी बनाया गया है.
पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद से ही इन तीनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. घटना के बाद से ही तीनों युवक अपने-अपने घरों से फरार बताए जा रहे हैं.
गौरतलब है कि ननकू लाल का शव शुक्रवार की देर रात तिर्की गार्डन के पीछे एक खेत में पड़ा मिला था.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों का आरोप है कि जिन युवकों के खिलाफ एफआईआर हुई है, उन्हीं लोगों ने ननकू की हत्या की है क्योंकि मृतक का उनसे पुराना विवाद चल रहा था. परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने इससे पहले भी ननकू से मारपीट की थी.पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है. इसके अलावा, इलाके में मुखबिरों को सक्रिय कर दिया गया है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके.
घटनास्थल से ननकू का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है. पुलिस कॉल डिटेल्स खंगाल रही है और यह पता करने की कोशिश कर रही है कि हत्या की रात आरोपी कहां मौजूद थे.
मामले की छानबीन तेजी से जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



