जमशेदपुर : सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया (सर्वोच्च न्यायालय) ने जमशेदपुर के जिला प्रशासन को आदेश दिया है कि उनकी देखरेख में जमशेदपुर के सोनारी स्थित आदर्श सहकारी गृह निर्माण स्वावलंबी समिति लिमिटेड का चुनाव कराये. गवर्निंग बॉडी का निर्वाचन कराने को कहा गया है. इसके आलोक में जमशेदपुर के उपायुक्त अनन्य मित्तल द्वारा उक्त निर्वाचन कार्य को समयबद्ध रूप से निष्पादित करने हेतु समय सारिणी निर्धारित करने के साथ-साथ निर्वाचन कार्य के सफल संपादन हेतु कोषांगों का गठन किया गया है. उपायुक्त के निर्देशानुसार उक्त निर्वाचन में भाग लेने वाले मतदाताओं से संबंधित मतदाता सूची का प्रकाशन शुक्रवार को कर दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
मतदाता सूची संबंधी विस्तृत विवरणी जिले के वेबसाइट https://jamshedpur.nic.in/hi/, उपायुक्त कार्यालय का सूचना पट्टा, सोनारी स्थित आदर्श सहकारी गृह निर्माण स्वावलंबी समिति लिमिटेड का कार्यालय स्थित सूचना पट्टा एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी का कार्यलय के सूचना पट्ट में देखा जा सकता है. इसको लेकर चुनावी कार्यक्रम घोषित किया गया है. मतदाता सूची का प्रकाशन 2 मई को दोपहर 3 बजे किया जायेगा. वहीं, 9 मई तक इसकी आपत्ति आमंत्रित होगी. इसके बाद 10 मई की सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक मतदाता सूची पर दावा आपत्ति दाखिल किया जा सकेगा. 13 मई को मतदाता सूची का दावा और आपत्ति का निष्पादन करने के बाद 14 मई को अंतिम सूची का प्रकाशन दोपहर 3 बजे तक होगा. 16 जून और 17 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और फिर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त किया जा सकता है. 18 जून को नामांकन पत्रों की जांच दोपहर 3 बजे तक होगी. 19 जून को नामांकन सूची का प्रकाशन दाखिल होगा. वहीं, 20 जून को नामांकन पत्र पर आपत्ति दाखिल किया जा सकेगा. 21 जून को नामांकन पर आपत्ति की सुनवाई और निष्पादन दोपहर 3 बजे तक हो सकेगा. (नीचे भी पढ़ें)
22 जून को फाइनल नामांकन प्रत्याशियों की सूची जारी की जायेगी. 23 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन वापसी का दिन है. 24 जून को अंतिम नामांकन सूची जारी की जायेगी. इसके बाद 24 जून को ही दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जायेगा. 6 जुलाई को मतदान होगा. सुबह 10 बजे से दोपहर 3 जे तक मतदान होगा जिसके बाद मतगणना आयोजित की जायेगी.











