जमशेदपुर : जिले के डुमरिया थाना अंतर्गत भागाबंधी ग्राम में पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापामारी कर अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर हुई उक्त कार्रवाई के लिए टीम के भागाबंधी ग्राम पहुंचने पर एक गैरेजनुमा मकान के सामने ओम्नी वैन खड़ी दिखी. जांच करने पर उसमें चार पेटी ‘किंग्स गोल्ड’ ब्रांड की शराब रखी मिली, जिसे जब्त कर लिया गया. बोतलों पर ‘फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश’ अंकित था, जो अंतरराज्यीय तस्करी की ओर इशारा करता है. (नीचे भी पढ़ें)
यहां से पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने वहां से एक व्यक्ति, नरेंद्र महतो को पकड़ा. उसकी निशानदेही पर पास ही एक अवैध गोदाम में भी छापा मारा गया, जहां से 16 पेटी शराब बरामद हुई. इसके बाद पथरासाई गांव के एक झाड़ीदार इलाके से 200 लीटर स्प्रिट, बड़ी मात्रा में खाली बोतलें, स्टिकर, ढक्कन और अन्य पैकेजिंग की सामग्रियां बरामद की गईं. इस प्रकार कुल 20 पेटी शराब (प्रत्येक में 9 लीटर के हिसाब से 180 लीटर) और 200 लीटर स्प्रिट जब्त की गई. इस संयुक्त छापामारी में डुमरिया थाना प्रभारी सुगना मुंडा, उत्पाद निरीक्षक रामदास भगत, अवर निरीक्षक मोहम्मद गुफरान और गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल रहे. इस मामले में अभियुक्त, डुमरिया के डेराकोचा पियरासाई गांव निवासी नरेंद्र महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है एवं उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.




