मेदिनीनगर (पलामू) : राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पलामू में पेयजल संकट के निवारण के लिए विभागीय अधिकारियों को गंभीरता से काम करने की हिदायत दी है. उन्होंने विभागीय अधिकारियों से औपचारिकता निभाने के लिए नहीं, बल्कि संबंधित गांव/मुहल्लों में जाकर वास्तविक समस्या का पता लगाकर उसका निदान सुनिश्चित करने को कहा है. वित्त मंत्री ने कहा कि जिलों में बढ़ते जल संकट के मद्देनजर दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य चल रहा है, किन्तु वर्तमान जल संकट के मद्देनजर समस्याओं के अल्पकालीन समाधान किये जाने से वर्तमान जल संकट दूर किया जा सकता है. उन्होंने बढ़ती गर्मी के मद्देनजर पेयजल संकट पर तत्काल कार्य करने की जरूरत बताई. वित मंत्री आज पलामू में पेयजल समस्या एवं उसके निदान को लेकर समाहरणालय सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
मंत्री श्री किशोर बैठक के दौरान प्रखंडवार खराब चापाकलों एवं जलमीनारों की अद्यतन स्थित की जानकारी ली एवं कहा कि जिले के खराब चापाकलों एवं जलमीनारों को अनाबद्ध राशि से दुरुस्त किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पलामू राज्य का पहला जिला होगा, जहां अनाबद्ध राशि से पेयजल समस्या का निदान किया जाएगा. उन्होंने आवश्यकतानुसार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकर के जरिये भी पेय जलापूर्ति कराने का निदेष दिया. उन्होंने कहा कि जिले में पेयजल की सुविधा मुहैया कराने में कोई कोताही नहीं बरतने एवं आगामी 15 दिन तक पेयजल पर फोकस करने की हिदायत दी. उन्होंने विभाग के सभी अभियंताओं को क्षेत्र भ्रमण कर वस्तुस्थिति से अवगत होते हुए खराब चापाकलों एवं जलमीनारों को दुरुस्त कराने को कहा, ताकि जिले के लोगों को पेयजल संकट से निजात मिल सके. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पेयजल संकट के निवारण के लिए खराब चापाकलों एवं जलमीनारों की सूचना उपलब्ध होने के लिए प्रखंड कार्यालय में शिकायत पेटी लगाने एवं प्राप्त शिकायतों को दूर करने का निदेश भी दिया. उन्होंने पेयजल समस्या के निदान के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित कर, चार्ट बनाकर रोज खराब चापाकलों एवं जलमीनार को ठीक करने की अद्यतन जानकारी लेने, वाट्सैप नंबर पर प्राप्त शिकायतों का निवारण करने आदि के निर्देश दिये. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं पलामू डीसी शशि रंजन ने मंत्री का स्वागत करने के पश्चात पलामू जिले में पंयजल संकट के निवारण के उद्देश्य से अबतक किए गये कार्यो की अद्यतन जानकारी दी. उपायुक्त ने जिले के सभी पदाधिकारियों को अगले 15 दिनों तक कार्यालय अवधि की द्वितीय पाली में क्षेत्र भ्रमण कर पेयजल संकट के निदान के लिए व्यक्तिगत रूचि लेकर कार्य करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, नगर आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधीक्षण अभियंता, जिला, अनुमंडल, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं सहायक कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे.











