पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के सरमोंदा गॉव के डंफर चालक माधव सरदार (51 वर्ष) का शव गाँव के बाहर स्थित जुड़ी डूंगरी के समीप पेड़ पर लटका पाया गया है. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर उद्भेदन की मांग की है. पोटका पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है .घटना रविवार अहले सुबह लगभग 4 बजे की बताई जा रही है. इस संबंध में मृतक के परिजनों एवं आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि माधव सरदार जो काफी सरल किस्म का इंसान था. वह विगत कई दशकों से वाहन चालक का कार्य कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था .(नीचे भी पढ़े)

रविवार सुबह भी वह इसी कार्य से निकला पर गाँव के कुछ दूरी पर ही जुड़ी डूंगरी के समीप उसका शव गमछे के सहारे पेड़ से लटकता ग्रामीणों ने देखा. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पोटका पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू सदलबल घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच में जुट गए है .ग्रामीणों ने बताया कि जिस प्रकार माधव का शव गमछे के सहारे पेड पर टांग दिया गया है. इससे स्पष्ट प्रतीत हो रहा है कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ से हत्या को छुपाने के लिए टांग दिया गया है. पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए शव को पेड़ से उतार पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है.














