जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र के धुसरा गांव में सोमवार दोपहर एक बड़ी अनहोनी होते-होते टल गई. दोपहर करीब 2 बजे पुआल से लदी एक पिकअप वैन में अचानक आग लग गई. आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक की सूझबूझ ने स्थिति को और बिगड़ने से बचा लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने पर चालक घबराया नहीं, बल्कि तुरत वाहन को गांव के बीच से निकालते हुए मुख्य सड़क की ओर ले गया. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की गई. बाल्टी, देगची और पानी के ड्रम लेकर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक सारा पुआल जल चुका था. (नीचे भी पढ़ें)
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गांव में एलटी लाइन का तार नीचे झूल रहा था, जिससे निकली चिंगारी के संपर्क में आने से पुआल में आग लग गई. इस लापरवाही का गंभीर परिणाम हो सकता था, लेकिन चालक की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई. आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पटमदा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द सुधार की मांग की है.














