गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पुतड़ू गांव में हाइवे पर गांव के उप मुखिया प्रतिनिधि तारापद महतो को कुछ लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. मारपीट में उनका हाथ टूट गया है. घटना के बाद पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेजा है. तारापद महतो ने बताया कि पुतड़ू गांव के पास हाइवे किनारे जमशेदपुर निवासी जितेंद्र दुबे उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर घर बना रहे हैं. रविवार को उन्होंने अपनी जमीन घेरने के लिए पिलर गाड़ा था. जितेंद्र दुबे ने पिलर को उखाड़कर तोड़ दिया. मंगलवार को उनकी साली आरती कुमारी ने फोन पर बताया कि जमीन को लेकर बात करनी है तो तारापद ने थाना में बात करने के लिए कहा. तारापद ने बताया कि वह बाइक से थाना जा रहा था, उसी दौरान गोलमुरी निवासी जिंतेंद्र दुबे, बागबेड़ा निवासी एम विजय कुमार, टेल्को निवासी जगन्नाथ गोराई और आरती कुमारी ने गाड़ी रोककर रॉड और हॉकी स्टिक से मारकर उसे घायल कर दिया. यही नहीं, उन लोगों ने उसकी दस्तावेज वाली फ़ाइल भी छीन ली. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, जितेंद्र दुबे की साली आरती कुमारी ने बताया कि उसने तीन दिन पहले जिंतेंद्र दुबे से उक्त जमीन ख़रीदी है. वे लोग जमीन पर पूजा करने आये थे जहां मिस्त्री काम कर रहा था. इसी दौरान तारापद महतो ने वहां पहुंच कर मिस्त्री को काम करने से मना रोक दिया. उसने तारापद महतो को फोन कर बात करने के लिए बुलाया तो तारापद ने उसके कपड़े पकड़कर खींचे, जबकि ग्रामीणों ने मिस्त्री के साथ भी मारपीट की. (नीचे भी पढ़ें)
निर्माणाधीन घर से पिस्तौल और 15 गोलियां बरामद : मारपीट के बाद गालूडीह पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. एसआइ मिथिलेश मौर्या और अजय बागे ने घटना को लेकर ग्रामीणों से जानकारी ली. इसके बाद पुलिस ने हाइवे किनारे जितेंद्र दुबे के निर्माणाधीन घर से एक पिस्तौल और 15 गोलियां बरामद कीं. इसके साथ ही आरोपियों की सफेद रंग की कार से डंडा, रॉड, एक दस्तावेज फ़ाइल और शराब की एक बोतल आदि भी बरामद किये गये हैं. थाना प्रभारी कुमार इंद्रेश ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा.




